टॉप न्यूज़

कोलकाता-कुनमिंग उड़ान सेवा 18 अप्रैल से फिर शुरू

भारत-चीन संबंधों को बढ़ावा

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : चीनी महावाणिज्य दूत ज़ू वेई ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि 18 अप्रैल से चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस कोलकाता और कुनमिंग के बीच सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू करेगी। इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 2 घंटे 40 मिनट रह जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नई शुरुआत भारत और चीन के बीच व्यापार, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी। जू वेई ने भारतीय यात्रियों को युन्नान प्रांत आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि यह क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ‘स्प्रिंग सिटी’ के नाम और रंग-बिरंगे फूलों तथा स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कोलकाता और कुनमिंग वर्ष 2013 से सिस्टर सिटी हैं और दोनों शहरों के बीच कला, शिक्षा, अर्थव्यवस्था और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। सीधी उड़ान सेवा की बहाली से दोनों शहरों के बीच संबंध और मजबूत होंगे तथा व्यावहारिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

कोलकाता में 10 साल बाद चीनी फिल्म महोत्सव

महानगर में एक दशक बाद एक बार फिर चीनी फिल्म महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। 17 से 19 अप्रैल 2026 तक नंदन-1 में ‘चाइना फिल्म फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा, जहां दर्शक बिना प्रवेश शुल्क के कई लोकप्रिय चीनी फिल्में देख सकेंगे। शुक्रवार को चीनी महावाणिज्य दूत जू वेई ने बताया कि कोलकाता में पिछली बार यह फिल्म महोत्सव 2016 में हुआ था। उन्होंने कहा कि 2024 में पदभार संभालने के बाद कई भारतीय मित्रों ने उनसे अधिक चीनी फिल्मों के प्रदर्शन की इच्छा जताई थी।

इसी मांग के चलते इस वर्ष यह आयोजन संभव हो सका है। इस महोत्सव में कुल सात फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें चीन-भारत सह-निर्मित फिल्म ‘श्वानजांग’, द्वितीय विश्व युद्ध पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘द सिंकिंग ऑफ द लिस्बन मारू’, महिला केंद्रित फिल्म ‘लाइक ए रोलिंग स्टोन’, बुजुर्गों के प्रेम पर आधारित ‘लव नेवर एंड्स’, वीएफएक्स आधारित पौराणिक फिल्म ‘क्रिएशन ऑफ द गॉड्स : किंगडम ऑफ स्टॉर्म्स’ तथा प्रेरणादायक फिल्में ‘नेवर से नेवर’ और ‘वन एंड ओनली’ शामिल हैं।

SCROLL FOR NEXT