तारापीठ के होटल में लगी आग का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि कोलकाता में एक और होटल भीषण अग्निकांड का शिकार हो गया। न्यू मार्केट के पास मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में तड़के करीब 2 बजे आग लग गई। हादसे में एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि होटल के अंदर कई लोग फंसे हुए थे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 9 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने की वजह की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर एसी में धमाके को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे।
खबर मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद होटल में लगी आग पर काबू पा लिया। आपदा प्रबंधन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। हादसे के वक्त होटल में कई गेस्ट मौजूद थे। घटना में 9 बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हो गई, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
इससे पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। घटना के बाद पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में लेकर आग से बचाव के इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह होटल तारापीठ के प्रमुख इलाके में स्थित है और तीर्थयात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय था।