टॉप न्यूज़

भारी बारिश से कोलकाता बेहाल, 8 जिलों में अलर्ट

साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बिगड़ा मौसम

गुरुवार तक आंधी-तूफान का अलर्ट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में मॉनसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। सोमवार की सुबह से ही कोलकाता और आसपास के इलाकों में लगातार झमाझम बारिश होती रही, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव जैसी स्थिति देखने को मिली। दफ्तर और काम पर जाने वाले लोगों को सुबह-सुबह भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता में मौसम का यह रुख अभी कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने कोलकाता के लिए गुरुवार तक आंधी-तूफान और गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है। अगर आंकड़ों की बात करें, तो सोमवार को हुई बारिश में अलीपुर में 28.0 मिमी और दमदम में 8.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

दक्षिण बंगाल के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

गंगा के मैदानी इलाकों से होकर साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है, जिससे समुद्र से भारी मात्रा में जलवाष्प आ रही है। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के आठ जिलों हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्वी व पश्चिमी मिदनापुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और नदिया में भारी बारिश का अनुमान है। बुधवार से इन इलाकों में बारिश की तीव्रता और अधिक बढ़ सकती है।

उत्तर बंगाल में सुधरेगा मौसम, तापमान में हुआ बदलाव

उत्तर बंगाल के 5 जिलों (दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार) में आज से मौसम का कड़ा रुख थोड़ा कम होगा और बारिश में कमी आएगी। तापमान की बात करें तो कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा) और अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कोलकाता के इन इलाकाें में जलजमाव

लगातार हो रही बारिश के कारण कोलकाता के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति बन गई। महात्मा गांधी रोड, ठनठनिया, टेंगरा, सेंट्रल एवेन्यू, उत्तर कोलकाता, साल्ट लेक, सेक्टर-5, वीआईपी रोड और हल्दीराम जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। इस जलजमाव की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

SCROLL FOR NEXT