उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया  
टॉप न्यूज़

कोई अपनी शर्तें न थोपे, इसलिए भारत बनना चाहता है ‘नंबर 1’

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने कहा

Kamlesh Pandey

कटक : उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने सोमवार को कहा कि भारत दुनिया का ‘नंबर 1’ देश बनना चाहता है, ताकि कोई अन्य देश उस पर अपनी शर्तें न थोप सके। राधाकृष्णन ने यहां श्री श्री यूनिवर्सिटी परिसर में नयी ‘आइकॉनिक टावर’ शैक्षणिक इमारत का उद्घाटन करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

हम दूसरों पर अपनी शर्ते नहीं थोपना चाहते

उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘ हर किसी के मन में एक सवाल है: हम दुनिया का नंबर 1 राष्ट्र क्यों बनना चाहते हैं? इसके पीछे एक सरल, स्पष्ट और सांस्कृतिक विचार यह है कि हम दूसरों पर अपनी शर्तें नहीं थोपना चाहते, लेकिन किसी को भी हमारी ‘भारत माता’ पर भी अनावश्यक शर्तें नहीं थोपनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि एक विकसित भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी आत्मविश्वास, क्षमता और वैश्विक नेतृत्व के साथ मनाना चाहता है। उन्होंने कहा, ‘दूसरों की मदद करना हमारी संस्कृति का एक बहुत ही अहम हिस्सा है। सभी को साथ लेकर चलना भी हमारी संस्कृति का मूल तत्व है।’ उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को हासिल करने में शिक्षण संस्थानों की परिवर्तनकारी भूमिका पर बार-बार जोर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से, पिछले 12 वर्षों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जबरदस्त विस्तार हुआ है।

2014 में महज 760 विश्वविद्यालय थे आज हैं 1400

राधाकृष्णन ने कहा कि 2014 में विश्वविद्यालयों की संख्या 760 थी, जो अब बढ़कर 1,400 हो गई है तथा इसी अवधि में आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 और एम्स की संख्या सात से बढ़कर 13 हो गई है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की संख्या भी 2014 के 3.42 करोड़ से बढ़कर 4.5 करोड़ हो गई है। महिला शिक्षा का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि विभिन्न संस्थानों में छात्राएं छात्रों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और अधिक पदक जीत रही हैं। ओडिशा की बड़ी आदिवासी आबादी का जिक्र करते हुए, उपराष्ट्रपति ने राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों से आग्रह किया कि वे आदिवासी बच्चों के लिए 'स्कूल कनेक्ट' कार्यक्रम शुरू करें, ताकि वे पढ़ाई न छोड़ें और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

विद्यार्थियों को संदेश

विद्यार्थियों के नाम अपने संदेश में राधाकृष्णन ने कहा कि किसी व्यक्ति की वास्तविक ऊंचाई उसके ज्ञान की गहराई और चरित्र की मजबूती से मापी जाती है। उन्होंने कहा, ‘अपने विचारों और कार्यों में हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम' की भावना रखें और 'नशीले पदार्थों को ना कहें।’ उपराष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि 'आइकॉनिक टावर' आने वाली कई पीढ़ियों तक ज्ञान के प्रतीक, आकांक्षाओं के स्मारक और ओडिशा की चिरंतन भावना के उत्सव के रूप में खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि यह टावर विद्यार्थियों की पीढ़ियों को प्रेरित करेगा कि वे एक आत्मविश्वासी, समृद्ध, संवेदनशील और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। उपराष्ट्रपति श्री श्री यूनिवर्सिटी के नवनिर्मित 'आइकॉनिक टावर' में स्थित अत्याधुनिक तारामंडल भी गये। इस कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, श्री श्री यूनिवर्सिटी के संस्थापक श्री श्री रवि शंकर तथा कई सांसद एवं विधायक भी मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT