डेविड मिलर और वरुण चक्रवर्ती ( फाइल फोटो ) 
टॉप न्यूज़

वरुण चक्रवर्ती को बेअसर करने के लिए क्या किया, 'किलर' मिलर ने बताया

टी20 विश्व कप सुपर आठ मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को रविवार को 76 रन से हराया। फॉर्म में चल रहे चक्रवर्ती भारत के ‘ट्रंपकार्ड’ माने जा रहे थे लेकिन उन्होंने चार ओवरों में 47 रन दिये।

Narendra Kumar Singh

अहमदाबादः भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर आठ मुकाबले में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को बेअसर साबित करने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम की रणनीति के बारे में आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर, जिन्हें विपक्षी टीम किलर मिलर भी कहती है, ने कहा कि इसके लिये बस शांत दिमाग, सीमित मूवमेंट और मजबूत इरादे की जरूरत थी।

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को रविवार को इस अहम मुकाबले में 76 रन से हराया। फॉर्म में चल रहे चक्रवर्ती भारत के ‘ट्रंपकार्ड’ माने जा रहे थे लेकिन उन्होंने चार ओवरों में 47 रन दिये। मिलर (35 गेंद में 63 रन) और डेवाल्ड ब्रेविस (29 गेंद में 45 रन ) ने उनकी गेंदों की जमकर धुनाई की। मिलर ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘मुझे लगता है कि यह पक्का करने के बारे में है कि अगर वह खराब गेंद डालता है तो हम उसे दूर खेल सकें। गेंद ज्यादा स्पिन भी नहीं हो रही थी तो यह सही रणनीति थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक बार फिर हमें लगा कि उस पर दबाव बनाना जरूरी है क्योंकि वह हर विरोधी टीम के लिये खतरा साबित होता है। हमने इस पर बात की थी।’’

अपनी पारी के बारे में मिलर ने कहा कि उन्होंने ‘बेसिक्स’ पर अमल किया जिससे अब तक उन्हें सफलता मिलती आई है। उन्होंने कहा ,‘‘ यह सुनिश्चित करना था कि आप सरल चीजों पर और अपनी तैयारियों के बेसिक्स पर अडिग रहें । मेरा यही इरादा था । मेरी श्वास, विकेटों के बीच दौड़ , सीमित मूवमेंट , ये सब छोटी छोटी बातें हैं लेकिन मैं इन पर फोकस करता हूं ।’’

इस जीत के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ भारत को हराया जा सकता है। भारतीय टीम बेहतरीन है लेकिन हम इस तरह के टूर्नामेंट में सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सरल चीजों पर ध्यान दें और लक्ष्य से भटके नहीं। हमारी टीम काफी परिपक्व है और हमने साथ में काफी क्रिकेट खेला है ।’’

SCROLL FOR NEXT