कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में पेश किए गए परिसीमन, लोकसभा सीट बढ़ाने और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर “खामी वाला” परिसीमन बिल लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद को इस तरह “हाइजैक” नहीं होने देगा और इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष उन क्षेत्रों में सीटें बढ़ाने की योजना बना रहा है जहां उसका मजबूत आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को इस बदलाव के बहाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
वहीं सरकार का कहना है कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को 2029 तक लागू करने के लिए परिसीमन और सीटों का विस्तार जरूरी है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि वह आलोचना छोड़कर महिला सशक्तीकरण का समर्थन करे।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिसीमन से राज्यों के प्रतिनिधित्व पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, जबकि दक्षिणी राज्यों ने इस मुद्दे पर अपनी चिंता जताई है।