केरल के मुंडाथिकोड में पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि 21 अप्रैल को हुए इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 29 वर्षीय राकेश ने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर कुल 38 लोग मौजूद थे, जिनमें से 17 की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। एक अन्य घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, इस फैक्टरी में त्रिशूर पूरम से पहले थिरुवंबडी देवस्वओम समारोह के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। विस्फोट के बाद इस समारोह को सीमित कर दिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच के साथ-साथ न्यायमूर्ति सी. एन. रामचंद्रन की अध्यक्षता में एक न्यायिक आयोग का गठन किया गया है, जो हादसे के कारणों की जांच करेगा।