नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरमः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची बृहस्पतिवार को जारी की, जिसमें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन को अरनमुला सीट से मैदान में उतारा गया है। अनुभवी नेता का मुकाबला स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज से होगा। कांग्रेस द्वारा पथनमथिट्टा जिले की इस सीट से युवा कांग्रेस के नेता अबिन वर्गी को मैदान में उतारने की संभावना है।
राजशेखरन ने इससे पहले 2021 में नेमोम से चुनाव लड़ा था और वहां वी. शिवनकुट्टी की जीत हुई थी, जो वर्तमान में शिक्षा मंत्री हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता बी. गोपालकृष्णन गुरुवायूर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने धर्मादम से के. रंजीत को मैदान में उतारा है और इस सीट पर मुख्यमंत्री पिनराई विजयन चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा ने त्रिशूर के अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित नट्टिका निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पूर्व विधायक सी. सी. मुकुंदन को मैदान में उतारा है। हाल ही में मुकुंदन ने भाकपा से सीट न मिलने के विरोध में पार्टी छोड़ दी थी, जबकि पार्टी ने उनकी जगह पूर्व विधायक गीता गोपी को प्राथमिकता दी थी। हालांकि मुकुंदन ने कांग्रेस से बातचीत की थी, लेकिन उससे कोई नतीजा नहीं निकला और बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए।
‘रियलिटी शो’ के पूर्व प्रतियोगी एवं सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर’ रॉबिन राधाकृष्णन को कोल्लम के कुंदारा से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने नई सूची में पांच महिला उम्मीदवारों को नामित किया है, जिनमें कासरगोड जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष अश्विनी एम. एल. भी शामिल हैं।
पार्टी ने इससे पहले अपनी पहली सूची में 47 उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिसे मिला कर अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 86 हो गई है। राज्य विधानसभा में कुल 140 सीट हैं। भाजपा ने अब तक पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं तिरुवनंतपुरम पार्षद आर. श्रीलेखा को और कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल सहित 11 महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने अब तक कन्नूर और तिरुवनंतपुरम सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।