सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

करीमपुर में नवजात की मौत पर बवाल

डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

करीमपुर: पश्चिम बंगाल के करीमपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में डॉक्टरों की कथित लापरवाही और अनभिज्ञता के कारण एक नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर नवजात के शव को सड़क पर रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार ने करीमपुर थाने में नर्सिंग होम प्रशासन और डॉक्टरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

मृत बच्चे के पिता मृण्मय बिस्वास ने बताया कि बीते मंगलवार को उनकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद से ही शिशु की तबीयत बिगड़ने लगी और वह लगातार रो रहा था। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को टीका लगाए जाने के बाद जब उसकी तकलीफ बढ़ी, तब भी किसी विशेषज्ञ डॉक्टर ने आकर उसकी जांच नहीं की।

शव सड़क पर रखकर परिवार का प्रदर्शन

आरोप है कि डॉक्टरों ने सिर्फ फोन पर बात करके नर्सों को निर्देश दिए, जिसके बाद बच्चे को बुखार और पेट दर्द की दवाइयों की अत्यधिक खुराक दे दी गई। ओवरडोज के महज 10 से 15 मिनट के भीतर शिशु की हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। रोते हुए पिता ने कहा, "जिस तरह मेरी गोद सूनी हुई है, किसी और मां-बाप के साथ ऐसा न हो।" परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT