दिल्ली हाई कोर्ट 
टॉप न्यूज़

कनॉट प्लेस में कॉजपा के प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

Kamlesh Pandey

नई दिल्ली : दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और इसके संस्थापक अभिजीत दिपके को 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने से रोकने का आदेश देने से इनकार कर दिया।

हालांकि, अदालत ने पुलिस के इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया कि उनकी गतिविधियों को नियंत्रित और व्यवस्थित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा का पीठ कनॉट प्लेस के एक विक्रेता की याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें पुलिस को यह निर्देश देने का आग्रह किया गया था कि वह सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय किए गए मौजूदा कानून के अनुसार विरोध-प्रदर्शन को नियंत्रित करे।



दुकानें बंद रहीं तो व्यापारी और विक्रेता ‘सड़क पर’ आ जाएंगे

याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि अगर त्योहारी मौसम के दौरान मध्य दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन की वजह से एक और सप्ताहांत पर दुकानें बंद रहीं तो व्यापारी और विक्रेता ‘सड़क पर’ आ जाएंगे। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने बताया कि कॉजपा की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए गए हैं और भरोसा दिलाया कि याचिकाकर्ता की चिंता का ध्यान रखा जाएगा। अदालत ने आश्वासन को रिकॉर्ड पर लिया। याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से आग्रह किया कि वह कॉजपा को रोकने के लिए कोई ‘विशिष्ट’ निर्देश जारी करे लेकिन पीठ ने कहा, ‘जिद न करें। हम आदेश पारित कर चुके हैं।’

तत्काल सुनवाई का किया था आग्रह

दिन में पहले याचिका पर तत्काल सुनवाई करने के लिए सहमत होने के बाद यह मामला पीठ के समक्ष आया। याचिकाकर्ता के वकील ने सुबह इस मामले का जिक्र करते हुए कहा था, ‘कनॉट प्लेस सेंट्रल पार्क के बीचों-बीच एक विरोध-प्रदर्शन बुलाया गया है। ऐसा लगता है कि हमें निशाना बनाया जा रहा है। यह जगह (विरोध-प्रदर्शन के लिए) नहीं है। उन्होंने पहले ही दुकानें बंद करनी शुरू कर दी हैं। यह दशहरा और सप्ताहांत का समय है। इस विरोध-प्रदर्शन को रोका जाना चाहिए।’ दिपके ने लोगों से शुक्रवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज के साथ एकत्र होने का आह्वान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉजपा के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका को ‘तिरंगा फहराने की वजह से जेल में डाल दिया गया है।’

कॉजपा का ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के शुक्रवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और अर्द्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले से ही राष्ट्रीय राजधानी में तैनात हैं। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ के तहत विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

एक सूत्र ने कहा कि पुलिस रणनीतिक स्थानों पर कर्मियों को तैनात करेगी, बैरिकेड लगाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों व यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करेगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कनॉट प्लेस प्रदर्शन के लिए कोई निर्धारित विरोध स्थल नहीं है। अधिकारी ने कहा, ‘जंतर मंतर को एक निर्धारित प्रदर्शन स्थल के तौर पर बाहर कर दिया गया है। प्रदर्शनकारी अपेक्षित अनुमति प्राप्त करने के बाद रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान या CBD मैदान में प्रदर्शन कर सकते हैं।’ प्रस्तावित प्रदर्शन की घोषणा कॉजपा नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पहुंचने के बाद गिरफ्तार किए जाने और एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद की गई थी। एक बयान में, दिपके ने नागरिकों से प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया और कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लहराना एक लोकतांत्रिक अधिकार है। संगठन ने शुक्रवार शाम 5 बजे अन्य शहरों में भी समानांतर तिरंगा मार्च का आह्वान किया है।

SCROLL FOR NEXT