निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कमरहट्टी : पश्चिम बंगाल के कमरहट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत अनवर बागान इलाके में हुई एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो नाबालिग हैं।
घटना 12 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे की है, जब अज्ञात बदमाशों ने आफताब आलम नामक व्यापारी की मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर 12 मोबाइल फोन और लगभग 1,200 रुपये नकद उड़ा लिए थे। दुकान मालिक की शिकायत पर 12 अगस्त को कमरहट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 14 वर्षीय मोहम्मद मिराज अली और 16 वर्षीय मोहम्मद रिजवान को हिरासत में लिया। दोनों स्थानीय निवासी हैं। इनके साथ ही 21 वर्षीय शाहजाद आलम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 12 मोबाइल फोनों में से 8 मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसके पास बाकी के 4 मोबाइल और चोरी की नकदी होने की आशंका है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।