निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर: कल्याणी एक्सप्रेसवे पर मोहनपुर मोड़ के पास आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यह हादसा तब हुआ जब एक छोटी चार पहिया गाड़ी ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सीधे सामने से आ रही एक कार से जा टकराई। इस अचानक हुई टक्कर के कारण लग्जरी गाड़ी पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में कुल 3 लोगों की जान चली गई है। लग्जरी कार के पीछे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों में से एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए कोलकाता के अस्पताल ले जाया गया है।
एयरबैग खुलने से चार यात्रियों की बची जान
राहत की बात यह रही कि छोटी चार पहिया गाड़ी के एयरबैग समय पर खुल जाने के कारण उसमें सवार चार लोगों की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहन कोलकाता की ओर से कल्याणी एक्सप्रेसवे होकर कल्याणी की तरफ जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।