मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कालीघाट अग्निशमन केंद्र के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया 
टॉप न्यूज़

कालीघाट फायर स्टेशन नये रूप में, अब आग से जंग होगी और मजबूत

सीएम ने की दमकल कर्मियों की सराहना, फायर बाइक को अत्यंत उपयोगी बताया

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : त्योहारों के मौसम में दमकल विभाग ने विशेष कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कालीघाट अग्निशमन केंद्र के नवनिर्मित भवन का बुधवार को उद्घाटन किया।इस फायर स्टेशन को नये रूप में तैयार किया गया है। दमकल की कई अत्याधुनिक सुविधाएं यहां उपलब्ध होंगी। इस दिन नये भवन के उद्घाटन के साथ ही 29 फायर बाइकों को भी दमकल की सेवा में शामिल किया गया। सीएम ने कहा कि पहले यहां दमकल की गाड़ियां भी बाहर रखनी पड़ती थीं। कालीघाट जैसे क्षेत्र में यह बहुत बड़ी समस्या थी। मैंने स्वयं कहा था कि इस स्टेशन को नए सिरे से तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री ने दमकल कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि वे जान को जोखिम में डालकर काम करते हैं। जीवन देकर लोगों की रक्षा करते हैं, उन्हें सैल्यूट है। उन्होंने दमकल बाइक को बेहद ही जरूरी बताया। इसकी खासियत है कि आग लगने पर संकरी गली में भी दमकल कर्मी जाकर आग बुझा सकते हैं। जैसे आग की बड़ी घटनाओं को बुझाने के लिए कई गाड़ियां और अन्य यंत्र हैं। अब गली गली में भी दमकल बाइक पहुंच सकेंगी। उद्घाटन के मौके पर सांसद माला राय, दमकल मंत्री सुजीत बोस, डीजी फायर रनवीर कुमार, डायरेक्टर अभिजीत पांडे, एमएमआईसी देवाशीष कुमार, पार्षद काजोरी बनर्जी, पीडब्ल्यूडी विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी अंतरा आचार्य व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मुख्य बातें

* फायर बाइक खासकर संकरी गलियों और तंग‑स्थानों में जल्दी पहुंच सकेंगी।

* ऐसी बाइकों में अक्सर छोटी पानी की टंकी, फोम टैंकर, आग बुझाने के उपकरण, सायरन आदि लगे होते हैं।

* आगजनी की घटनाओं पर जल्द से काबू पाया जा सकेगा।

* दमकल विभाग के पास पहले से कई अत्याधुनिक यंत्र है।

* कई तरह के लेडर उपलब्ध हैं।

* बहुमंजिला इमारतों में आग लगने से बड़े लेडर काम आती है।

* इससे पहले भी कई दमकल स्टेशनों में फायर बाइक उपलब्ध है।

SCROLL FOR NEXT