मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर समेत दक्षिण बंगाल में पिछले कुछ दिनों से तूफान और बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार रात आए ‘काल बैसाखी’ तूफान ने शहर और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं और बारिश से जनजीवन प्रभावित किया। हालांकि शनिवार से मौसम में हल्का सुधार देखा गया है, लेकिन पूरी तरह राहत मिलने के आसार अभी नहीं हैं। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता और दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आने वाले दिनों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। मौसम में यह अस्थिरता अगले कुछ दिनों तक बनी रहने की संभावना है।
मंगलवार के लिए चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दक्षिण बंगाल के सभी जिलों कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना तथा मिदनापुर में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सप्ताहांत में फिर आ सकता है ‘काल बैसाखी’
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सप्ताह के आखिर में एक और ‘काल बैसाखी’ तूफान दस्तक दे सकता है। इसके प्रभाव से कोलकाता समेत कई इलाकों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। उधर, उत्तर बंगाल के जिलों के लिए भी खराब मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहां भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। हालांकि अनुमान है कि बुधवार के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा, जिससे बारिश और तूफान की गतिविधियों में कमी आ सकती है।