लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन संभवत: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी माह कर सकते हैं।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हमारा हवाई अड्डा तैयार है। हवाई अड्डे के लाइसेंस से संबंधित औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। मुझे विश्वास है कि इसी माह प्रधानमंत्री द्वारा हवाई अड्डे का उद्घाटन किया जाएगा।”
यह हवाई अड्डा राज्य का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित की जा रही एक ‘ग्रीनफील्ड’ परियोजना है। लगभग 1,300 हेक्टेयर में फैली इस परियोजना का पहला चरण सितंबर 2024 में शुरू होना था, लेकिन काम पूरा नहीं होने के कारण ऐसा नहीं हो सका और कई बार इसकी समयसीमा बढ़ाई गई।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर से तेजी से आगे बढ़ा है। केंद्रीय बजट की विशेषताओं को लेकर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने ‘‘दूरदर्शी’’ बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से तैयार होकर सामने आया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह बजट हर भारतीय को अपने कर्तव्यों का बोध कराता है और इसमें भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की 25 करोड़ से अधिक आबादी गरीबी रेखा से बाहर निकलकर भारत की प्रगति में अपना योगदान दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी का परिणाम है कि भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।’’