बैरकपुर : एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत बुधवार को जगदल के मेघना मोड़ पर आयोजित एक सभा में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दूबे ने कहा कि जिस तरह दिल्ली चुनाव के नतीजों का असर बिहार पर पड़ेगा, उसी तरह बिहार चुनाव के नतीजों का असर बंगाल पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कई वर्षों के बाद भाजपा दिल्ली की सत्ता में आई है। बिहार में भी एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी और इस बार बंगाल में भाजपा की जीत भी तय है। भाजपा निश्चित रूप से बंगाल में सत्ता में आएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पाकिस्तान मुद्दे पर कहा कि हम एक इंच भी जमीन नहीं छोड़ेंगे। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक आतंकवाद का पूर्णतः सफाया नहीं हो जाता। वहीं बैरकपुर के पूर्व सांसद और भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि केवल भाजपा ही देश को 'एकजुट' रख सकती है और देश को बचा सकती है। उन्होंने कहा कि विरोधी सिर्फ अपनी सीमित सत्ता के बारे में सोचकर राजनीति कते हैं जबकि भाजपा देशहित के बारे में सोचकर राजनीति करती है। इस दिन उन्होंने पार्टी के 'कोर' वोट को एकजुट रखने का संदेश भी दिया। सभा में भाजपा नेता शशि अग्निहोत्री, बैरकपुर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज बनर्जी, बैरकपुर जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष विमलेश तिवारी, प्रियांगु पांडेय सहित अन्य कई नेता व कर्मी उपस्थित थे।