सड़क के ​किनारे इमारती साम​​ग्रियों को हटवाती पुलिस  
टॉप न्यूज़

सड़क हादसों को रोकने के लिए 'दबंग' मोड में जगतवल्लभपुर थाने की पुलिस

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा-अमता रोड पर पिछले मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सड़कों के दोनों ओर अवैध रूप से रखी जा रही निर्माण सामग्री (ईंट, रेत, पत्थर और लकड़ी) इन हादसों की मुख्य वजह है। जनता के इस आक्रोश के बाद जगतवल्लभपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।

पुलिस ने संभाली कमान, सड़कों से हटाया अतिक्रमण

हादसों को रोकने और यातायात को सुगम बनाने के लिए जगतवल्लभपुर थाने के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और लाउडस्पीकर के साथ खुद सड़कों पर उतरे। पुलिस ने हावड़ा-अमता रोड और मुंशीरहाट-चंद्रपुर रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर अवैध रूप से रखी निर्माण सामग्री को जब्त करना और हटवाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के जरिए दुकानदारों और स्थानीय व्यवसायियों को कड़ी चेतावनी दी जा रही है कि वे सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न करें।

चमचमाती सड़कों पर अवैध कब्जे से बढ़ रहा था खतरा

ग्रामीण हावड़ा को शहर से जोड़ने वाली ये सड़कें बेहद चिकनी और चौड़ी बनाई गई हैं ताकि लोगों का आवागमन आसान हो सके। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में सड़क किनारे सामान डंप करने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे सड़कें संकरी हो गईं और दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ गया। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और वे प्रशासन के इस 'दबंग' अंदाज की सराहना कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT