रोम : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इज़राइल के साथ रक्षा समझौते को सस्पेंड करने का ऐलान किया है। यह समझौता सैन्य उपकरणों के आदान-प्रदान और तकनीकी रिसर्च से जुड़ा था।
सरकार के अनुसार, मौजूदा हालात को देखते हुए इस समझौते के ऑटोमैटिक नवीनीकरण को रोकने का फैसला लिया गया है। 2006 में हुआ यह समझौता हर पांच साल में रिव्यू किया जाता था और इसमें रक्षा उद्योग, सैन्य प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग शामिल था।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में इज़राइल और इटली के बीच तनाव बढ़ गया है। इटली ने आरोप लगाया कि इज़राइली सेना ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के इतालवी काफिले पर चेतावनी फायरिंग की।
इटली पहले भी लेबनान पर इज़राइल के हमलों की निंदा कर चुका है। विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने इसे नागरिकों पर “अस्वीकार्य हमला” बताया था। इसके बाद इज़राइल ने इटली के राजदूत को तलब किया।
मेलोनी ने इस बीच क्षेत्र में शांति की अपील करते हुए कहा कि इज़राइल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए बातचीत जरूरी है। साथ ही उन्होंने होरमुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने और हालात स्थिर करने पर भी जोर दिया।