लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार राजधानी बेरूत के केंद्र में एक होटल पर इजरायली हवाई हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। इजराइल ने दावा किया है कि हमले में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कुद्स फोर्स के कमांडरों को निशाना बनाया गया।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रविवार तड़के बेरूत के राउशे इलाके में एक होटल के कमरे पर हवाई हमला किया गया। यह इलाका भूमध्यसागर के किनारे स्थित एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। युद्ध के दौरान यहां कई होटल उन लोगों से भरे हुए हैं, जो दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों से लड़ाई के कारण विस्थापित होकर आए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के बाद होटल में रह रहे कई विस्थापित लोग संभावित नए हमलों के डर से इमारत छोड़कर बाहर निकलते देखे गए।
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि हमले में IRGC की कुद्स फोर्स के लेबनान कॉर्प्स के प्रमुख कमांडरों को निशाना बनाया गया। सेना के अनुसार ये कमांडर इजराइल और उसके नागरिकों के खिलाफ हमलों की योजना बना रहे थे।
इस बीच दक्षिणी लेबनान में भी इजराइल ने कई हवाई हमले किए। आधिकारिक नेशनल न्यूज एजेंसी के अनुसार रात भर में तीन अलग-अलग हमलों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई।
इजरायली सेना ने यह भी कहा कि उसने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में एक और हमलों की लहर शुरू की है। ये इलाके हिजबुल्लाह का गढ़ माने जाते हैं। वहीं हिजबुल्लाह ने भी रविवार सुबह इजराइली बलों और सीमा के पास एक शहर पर रॉकेट हमले करने का दावा किया है।
उत्तरी इजराइल के कई इलाकों में हवाई हमले के सायरन भी बजे, हालांकि फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
इससे पहले इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के चार गांवों के लिए जबरन निकासी का आदेश भी जारी किया था।
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने हाल ही में कहा कि देश को ऐसे विनाशकारी युद्ध में घसीटा गया है जिसे लेबनान ने न तो चाहा और न ही चुना। उन्होंने चेतावनी दी कि बड़े पैमाने पर विस्थापन के मानवीय और राजनीतिक परिणाम अभूतपूर्व हो सकते हैं।