15 सितंबर से स्कूलों में पहुंचेगा इस्कॉन का पौष्टिक भोजन
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत इस्कॉन (ISKCON) द्वारा संचालित संस्था को मिड-डे मील योजना के दूसरे चरण की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस विस्तार के साथ ही अलीपुर और खिदिरपुर इलाकों के लगभग 90 और नए स्कूलों को इस योजना के दायरे में शामिल कर लिया गया है। विकास भवन के सूत्रों के मुताबिक, 15 सितंबर तक इन नए क्षेत्रों के अधिकांश विद्यालयों में इस्कॉन के अलीपुर केंद्र से तैयार भोजन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
स्कूलों में पोषण को लेकर सरकार गंभीर
जब सरकार ने इस्कॉन को इस योजना की जिम्मेदारी सौंपी थी, तब भोजन से अंडे को हटाने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल खड़े हुए थे। इस पर सरकार ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए साफ किया कि हर स्कूल में बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए हरिनघाटा फार्म के साथ विशेष समझौते के जरिए अलग से अंडे की आपूर्ति का पुख्ता इंतजाम किया गया है, जिससे किसी भी तरह की कमी न रहे।
पौष्टिक मिठाई के साथ पनीर भी मिलेगा
इस्कॉन द्वारा परोसे जाने वाले भोजन में इस्तेमाल होने वाले चावल की गुणवत्ता पर भी शुरुआती दौर में सवाल उठाए गए थे। इस पर शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों के बेहतर शारीरिक विकास के लिए उच्च पोषण तत्वों वाले विशेष चावल का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, स्कूलों से खाने के स्वाद को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और अब मिड-डे मील के मेनू में पौष्टिक मिठाई के साथ पनीर भी शामिल किया जा रहा है, ताकि शहर के सभी विद्यालयों को इस योजना से जल्द जोड़ा जा सके।