टॉप न्यूज़

भारत पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अराघची

BRICS बैठक में हिस्सा, एस. जयशंकर से करेंगे अहम बातचीत; होर्मुज़ जलडमरूमध्य और मिडिल ईस्ट संकट पर फोकस

Bishakhaa Tiwari

नई दिल्ली : ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गए हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच ईरान की ओर से यह पहला उच्चस्तरीय कूटनीतिक संपर्क माना जा रहा है। अराघची नई दिल्ली में आयोजित BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वे भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

इस बातचीत में मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात, खासकर अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा होर्मुज़ जलडमरूमध्य की स्थिति भी अहम मुद्दा रहेगी, जहां से दुनिया के करीब 20% तेल की सप्लाई गुजरती है। भारत इस मार्ग से गुजरने वाले अपने व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता सकता है।

BRICS बैठक के दौरान वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, आर्थिक सहयोग और ग्लोबल साउथ की भूमिका जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। अराघची समेत सभी विदेश मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं।

ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम गरीबाबादी ने कहा कि BRICS जैसे मंच बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में सुधार का बड़ा अवसर हैं। यह दौरा भारत-ईरान संबंधों के साथ-साथ वैश्विक राजनीति और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT