टॉप न्यूज़

“युद्ध जल्द खत्म होगा” ट्रंप के बयान के बीच ईरान ने सऊदी अरब-कुवैत पर ड्रोन दागे

Gulf देशों ने कई ड्रोन मार गिराए, होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव से वैश्विक तेल बाजारों में बढ़ी अनिश्चितता

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के कुछ ही घंटों बाद कि ईरान के साथ युद्ध “जल्द खत्म हो सकता है”, ईरान ने मंगलवार तड़के सऊदी अरब और कुवैत की ओर कई ड्रोन दाग दिए।

सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार देश के तेल समृद्ध पूर्वी क्षेत्र के ऊपर दो ड्रोन को हवा में ही मार गिराया गया। वहीं कुवैत की नेशनल गार्ड ने उत्तरी और दक्षिणी इलाकों को निशाना बनाकर भेजे गए छह ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष लगातार फैलता जा रहा है और क्षेत्रीय देशों में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को रिपब्लिकन सांसदों से कहा था कि मिडिल ईस्ट में चल रहा सैन्य अभियान “छोटा अभियान” हो सकता है और युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है। हालांकि बाद में उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति रोकने की कोशिश की तो अमेरिका उससे “कई गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा।”

उधर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रवक्ता ने संकेत दिया है कि युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला तेहरान करेगा। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि देश लंबे संघर्ष के लिए भी तैयार है।

इस संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर भी दिख रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया के करीब 20% तेल की आपूर्ति गुजरती है और वहां तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में अलर्ट जारी है, जबकि कई देशों ने अपने राजनयिक कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया है।

SCROLL FOR NEXT