टॉप न्यूज़

ईरान ने भारत को दी भरोसा, कहा- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में भारतीय जहाज़ सुरक्षित

तनाव के बीच ईरान का आश्वासन, भारत को बताया भरोसेमंद साझेदार; शिपिंग में दिक्कतें जारी

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में भारत के हितों की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया है। भारत में ईरान के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय मित्र सुरक्षित हाथों में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। इसी तरह सऊदी अरब स्थित ईरानी दूतावास ने भी कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के भविष्य का फैसला केवल ईरान और ओमान करेंगे और भारत सुरक्षित है।

नई दिल्ली में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली ने भी कहा कि भारत एक भरोसेमंद साझेदार है और भारतीय जहाज़ों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से गुजरने में कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौजूदा हालात के बावजूद भारत के जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।

हालांकि जमीनी स्थिति अब भी जटिल बनी हुई है। ईरानी अधिकारियों ने माना है कि स्ट्रेट को औपचारिक रूप से बंद नहीं किया गया है, लेकिन चल रहे संघर्ष के कारण व्यावसायिक जहाज़ों की आवाजाही में कठिनाइयाँ आ रही हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में जहाज़ों को गुजरने में दिक्कत हो रही है, हालांकि कुछ ट्रैफिक जारी है।

इस बीच अमेरिका ने ईरान के दावों पर सवाल उठाए हैं। पेंटागन ब्रीफिंग में अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका स्ट्रेट में नेविगेशन की आजादी बनाए रखने के लिए काम कर रहा है और ईरान की गतिविधियों को ट्रांजिट में बाधा का मुख्य कारण बताया।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के दिनों में खाड़ी क्षेत्र में कई जहाज़ों पर हमले हुए हैं, जिनमें विस्फोटक से भरी नौकाओं से ईंधन टैंकरों को निशाना बनाया गया। इस वजह से वैश्विक शिपिंग और तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है।

भारत के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ बेहद अहम है क्योंकि देश की बड़ी मात्रा में तेल आपूर्ति इसी मार्ग से होती है। ईरान ने भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान को मित्र देशों की सूची में रखा है, जिनके जहाज़ों को स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी गई है।

SCROLL FOR NEXT