टॉप न्यूज़

ट्रंप के कार्यक्रम में भाग लेने वाले इन्फेंटिनो की राजनीतिक तटस्थता की जांच करेगा IOC

आईओसी करेगा इन्फेंटिनो की राजनीतिक तटस्थता की गहन जांच

मिलान : अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने कहा कि विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा के प्रमुख जियानी इन्फेंटिनो के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘बोर्ड ऑफ पीस’ कार्यक्रम में भाग लेने के कारण उनकी राजनीतिक तटस्थता की जांच की जाएगी। इन्फेंटिनो और कोवेंट्री आईओसी के उन 107 सदस्यों में शामिल हैं, जो ‘राजनीतिक हितों से हटकर स्वतंत्र रूप से कार्य करने’ की शपथ से बंधे हुए हैं।

ट्रंप ने गुरुवार को वाशिंगटन डीसी में इस कार्यक्रम की मेजबानी की, जहां इन्फेंटिनो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ की तरफ से समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत गाजा में फीफा की धनराशि से 75 मिलियन डॉलर का निवेश किया जा सकता है। इस साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप से पहले इन्फेंटिनो ने फीफा को अमेरिकी सरकार के साथ करीब से जोड़ने की कोशिश की है। उन्होंने पिछले साल ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया था और इसके बाद भी वह कई बार ट्रंप से मिल चुके हैं।

कोवेंट्री ने शुक्रवार को मिलान कोर्टिना शीतकालीन खेलों में अपनी अंतिम प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘ओलंपिक चार्टर अपने सदस्यों से क्या अपेक्षा करता है इस बारे में हमारी नीति बहुत स्पष्ट है। मुझे लगता है कि हम दस्तावेजों पर कथित हस्ताक्षर की जांच करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि इन्फेंटिनो ने इस बैठक में मुख्य भूमिका निभाई थी। कोवेंट्री ने कहा, ‘‘अब जब आप लोगों ने हमें इसके बारे में बता दिया है तो हम इसकी जांच करेंगे।’’

SCROLL FOR NEXT