टॉप न्यूज़

ईरान से नितिन नबीन और खरगे को न्योता

तेहरान में 5 से 9 जुलाई तक होंगे कार्यक्रम, भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री और बिहार के राज्यपाल के भी शामिल होने की संभावना

नई दिल्ली : ईरान ने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ईरान की ओर से आमंत्रित किया गया है।

इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

5 से 9 जुलाई तक होंगे अंतिम संस्कार के कार्यक्रम

ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। 5, 6 और 7 जुलाई को तेहरान और कोम में श्रद्धांजलि और अंतिम यात्रा के कार्यक्रम होंगे।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, इस दौरान करीब 1.2 करोड़ से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए तेहरान में सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कई इलाकों में यातायात प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं।

मशहद में होगा अंतिम संस्कार का आखिरी कार्यक्रम

ईरानी मीडिया के मुताबिक, 4 और 5 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 6 और 7 जुलाई को तेहरान और कोम में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

9 जुलाई को उत्तर-पूर्वी शहर मशहद में अंतिम कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां खामेनेई को शिया समुदाय के आठवें इमाम इमाम रजा के पवित्र दरगाह परिसर में दफनाया जाएगा।

86 साल की उम्र में हुई खामेनेई की मौत

अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी। खामेनेई 86 वर्ष के थे और पिछले 36 वर्षों से ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में देश की राजनीति पर प्रभाव रखते थे।

ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिका और इजराइल के हमलों में खामेनेई के परिवार के कुछ सदस्य भी मारे गए थे, जिनमें उनकी बेटी, पोता और दामाद शामिल बताए गए हैं।

SCROLL FOR NEXT