नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता बिगड़ने के मद्देनजर दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई ‘हाइब्रिड मोड’ में कराने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को जारी यह निर्देश शिक्षा निदेशालय के तहत आने वाले सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के साथ-साथ नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC), नगर निगम (MCD) और दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूलों पर भी लागू होगा।
निर्देश में कहा गया है कि हाइब्रिड मोड में होगी। इसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल जाकर या ऑनलाइन पढ़ाई करने का विकल्प मिलेगा। परिपत्र के अनुसार यह फैसला वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CQM) के उस आदेश के अनुपालन में लिया गया है जिसमें दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में तत्काल प्रभाव से वायु प्रदूषण नियंत्रण संबंधी श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तीसरे चरण के सभी उपाय लागू किए गए हैं।
CQM ने शुक्रवार को दिल्ली-NCR में ग्रैप के तीसरे चरण के उपाय लागू किए थे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 364 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों से यह भी कहा है कि वे इस व्यवस्था के बारे में अभिभावकों और संरक्षकों को तुरंत सूचित करें। विभिन्न जिलों और क्षेत्रों के शिक्षा उप-निदेशकों (DDE) से कहा गया है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्कूलों का दौरा कर यह सुनिश्चित करें कि निर्देशों का सुचारू रूप से पालन हो।