पांजाबीला में इस रास्ते से ही जाना-आना पड़ता है लोगों को  
टॉप न्यूज़

कमरहट्टी के पंजाबीला डंपिंग ग्राउंड को 'जीरो वैट' बनाने की पहल

स्थानीय पार्षद ने खुद संभाला सफाई मोर्चा, हटवाया अतिक्रमण

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कमरहट्टी : कमरहट्टी नगरपालिका के 24 नंबर वार्ड में सफाई व्यवस्था और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण की दयनीय स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद, वार्ड पार्षद बिमल साहा ने स्वयं इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मोर्चा संभाला है। पार्षद साहा ने क्षेत्र में व्याप्त गंदगी और अवैध कब्जों को दूर करने के लिए मौके पर जाकर सख्त कार्रवाई की और व्यापारियों को सीधी चेतावनी दी।

समस्या का मुख्य केंद्र पंजाबीला में स्थित कूड़ा डंपिंग ग्राउंड (Vat) है, जिसकी बदहाली को लेकर स्थानीय निवासी लंबे समय से परेशान थे। इसके अलावा, आगरपाड़ा स्टेशन रोड और बीटी रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्गों के किनारे कुछ असामाजिक तत्वों और अवैध व्यापारियों द्वारा सामान रखकर अतिक्रमण किया जा रहा था, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही थी।

पार्षद बिमल साहा ने मौके पर उपस्थित होकर अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन अवैध कब्जों और उनके द्वारा फैलाई गई गंदगी के कारण यहाँ से गुजरने वाले आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस दिन उन्होंने अतिक्रमणकारियों को तुरंत जगह खाली करने का निर्देश दिया।

शिक्षा क्षेत्र में स्वस्थ वातावरण की पहल

पार्षद बिमल साहा ने अतिक्रमण और गंदगी हटाने की पहल का कारण बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र शैक्षिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 24 नंबर वार्ड में एक स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय भी स्थित है। छात्रों को स्वस्थ और स्वच्छ माहौल में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, पंजाबीला और उड़नपाड़ा बस्ती के सुधार और सफाई पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

डंपिंग ग्राउंड को 'ज़ीरो वैट' बनाने की योजना

जब पार्षद बिमल साहा से पंजाबीला के महत्वपूर्ण डंपिंग ग्राउंड (जहाँ वर्षों से कचरा जमा हो रहा है) के लंबे समय से बदहाल रहने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने समस्या की गंभीरता को स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगरपालिका गंभीरता से काम कर रही है।

पार्षद ने खुलासा किया, "हम एक निजी कंपनी के माध्यम से इस डंपिंग ग्राउंड को 'ज़ीरो वैट' (Zero Vat) में बदलने की व्यवस्था कर रहे हैं।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्होंने यह मुद्दा लगभग छह महीने पहले ही बोर्ड मीटिंग में उठाया था, ताकि भविष्य में इस डंपिंग ग्राउंड को पूरी तरह से कीटाणु मुक्त और पर्यावरण हितैषी बनाया जा सके।

पार्षद बिमल साहा का यह स्वयं का मोर्चा संभालना दर्शाता है कि वे अपने वार्ड की सफाई और व्यवस्था को लेकर कितने प्रतिबद्ध हैं। अब देखना यह है कि उनकी इस सक्रियता का परिणाम कब तक पंजाबीला और पूरे 24 नंबर वार्ड की स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त सड़कों के रूप में सामने आता है।

SCROLL FOR NEXT