टॉप न्यूज़

आतंकवाद के आकाओं तक नहीं पहुंचेगा सिंधु नदी का पानी : रक्षामंत्री

रक्षा मंत्री बोले- ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखाया भारत का जवाब, आतंकवाद के समर्थन पर नहीं होगी नरमी

भारत ने पाकिस्तान को सिंधु नदी के पानी को लेकर एक बार फिर सख्त संदेश दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद को समर्थन देने वालों तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

तेलंगाना में आयोजित बीजेपी के 'इंटेलेक्चुअल मीट' को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने दुनिया को दिखा दिया कि शांति की भाषा न समझने वालों को उसी अंदाज में जवाब दिया जा सकता है।

'आतंकवादियों के संरक्षकों तक नहीं पहुंचेगा पानी'

रक्षा मंत्री ने कहा, "पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को रोकते हुए हमने स्पष्ट कर दिया था कि जिनकी आंखों के आंसू सूख चुके हैं, उन्हें भारत से पानी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। हम सिंधु का पानी आतंकवादियों के संरक्षकों और मानवता के दुश्मनों तक नहीं पहुंचने देंगे।"

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाए, लेकिन देश की जनता सेना की बहादुरी और सरकार के फैसलों के साथ खड़ी है।

'भारत के पास वैक्सीन भी है और ब्रह्मोस भी'

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब दुनिया में एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभरा है। उन्होंने कोविड महामारी के दौरान भारत की मदद का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया भारत को 'विश्व बंधु' के रूप में देख रही है।

उन्होंने कहा कि भारत के दुश्मनों को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश के पास केवल वैक्सीन ही नहीं, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल जैसी अत्याधुनिक रक्षा क्षमता भी है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

रक्षा मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक परिवार केंद्रित राजनीति करती रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति में अंतर यह है कि सरकार चुनाव से ज्यादा आने वाली पीढ़ियों की चिंता करती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के रक्षा बजट का हर रुपया देश की सुरक्षा मजबूत करने में लगाया जा रहा है और सरकार की नीयत व नीतियों में कोई अंतर नहीं है।

SCROLL FOR NEXT