नाम तो इनका आम है लेकिन हैं बहुत खास और इनको फलों का राजा कहा जाता है । जी हां हम बात कर रहे हैं भारत के रसीले मीठे फल आम की । आम के मौसम में भारत में शहर शहर गांव गांव आम बिकता है। लोग साल भर इंतजार करते हैं अपने प्रिय आम के बाजार में आने का । भारत के आम अब विदेशों में भी अपने स्वाद और खुश्बू का जादू बिखेर रहे हैं । अमेरिका के सीएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हाल ही में “मैंगो मैजिक: प्रमोशन एंड टेस्टिंग इवेंट” का आयोजन किया । इस विशेष आयोजन में लगभग 100 से अधिक प्रमुख आयातकों और अमेरिकी रिटेल कंपनियों, विशेष रूप से कॉस्टको के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर भारत के सात प्रमुख प्रीमियम आमों—अल्फांसो, केसर, बांगनपल्ली, हिमायत, लंगड़ा, दशहरी और राजापुरी—का प्रदर्शन किया गया लोगों ने इनका स्वाद लिया । ये आम महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे विभिन्न राज्यों से लाए गए थे। कार्यक्रम में अपने संबोधन में वाशिंगटन राज्य के लेफ्टिनेंट गवर्नर डैनी हेक ने भारतीय आमों की विविधता की सराहना की और कहा कि इनका प्रवेश अमेरिकी बाजार, विशेषकर कॉस्टको जैसे बड़े रिटेल स्टोर्स में, उपभोक्ताओं के लिए एक नया अनुभव है। इस दौरान कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे, जिनमें राज्य के सीनेटर और अन्य देशों के वाणिज्य दूत शामिल थे।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने वर्ष 2025 में पहली बार सिएटल में भारतीय आमों को पेश करने की पहल की थी। इसके बाद भारत और सिएटल क्षेत्र के विभिन्न साझेदारों के साथ मिलकर प्रीमियम आमों को अमेरिकी बाजार में पहुंचाने का प्रयास किया गया। अप्रैल 2026 में कॉस्टको के सीईओ के साथ हुई बैठक के बाद इस पहल को और गति मिली, जिसके तहत महाराष्ट्र के ‘भगवा’ अनार और बाद में केसर आम को अमेरिकी स्टोर्स में उतारा गया।मई 2026 में कॉस्टको ने पहली बार भारतीय केसर आमों की खेप अमेरिका के विभिन्न शहरों—सिएटल, लास वेगास, न्यू जर्सी और लॉस एंजिल्स—में उतारी। कंपनी के अनुसार, ये आम स्टोर्स में आने के दो घंटे के भीतर ही बिक गए, जो अमेरिकी बाजार में भारतीय आमों की भारी मांग को दर्शाता है।
हाल ही में अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय आम की विविधता की बात करते हुए देश के किसानों की सराहना की थी, जिन्होंने इन फलों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया।यह आयोजन एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्ड फूड प्रोडक्ट एक्सपोर्ट डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें भारतीय आमों से बने व्यंजनों का विशेष लंच भी शामिल था।
सीएटल में आयोजित ‘मैंगो मैजिक’ इवेंट न केवल भारतीय आमों की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है, बल्कि अमेरिकी बाजार में इनके निर्यात और खपत की अपार संभावनाओं को भी उजागर करता है। ये भारतीय स्वाद की वैश्विक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह दिखाता है कि कैसे एक साधारण सा फल भी दो देशों के बीच कूटनीति का हिस्सा बन सकता है ।
आने वाले समय में यह उम्मीद की जा रही है कि भारतीय आम न केवल अमेरिका, बल्कि दुनिया के हर कोने में अपनी मिठास का जादू बिखेरेंगे।