श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए 2 आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। सेना ने कहा कि उत्तरी कश्मीर जिले के उड़ी नाला में घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गयी। चिनार कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘23 अप्रैल 2025 को बारामूला में उड़ी नाले के सरजीवन के रास्ते दो-तीन ‘यूआई’ आतंकवादियों ने घुसपैठ की कोशिश की।’
सेना ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर तैनात सतर्क सैनिकों ने घुसपैठियों को चेतावनी दी और उन्हें रोका, जिसके परिणामस्वरूप गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया, ‘उड़ी सेक्टर में जारी घुसपैठ रोधी अभियान में दो आतंकवादी मारे गए हैं।’ अभियान जारी है और भारी गोलीबारी हो रही है। घुसपैठ की यह कोशिश मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के 24 घंटे से भी कम समय में की गयी है। पहलगाम में आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।