भारत और चीन ने सीमा पर की सर्दियों की तैयारी.. 
टॉप न्यूज़

भारत और चीन के बीच सीमा पर शांति के लिए फिर से बातचीत

सर्दियों से पहले दोनों देशों ने सीमा पर तेज की सैन्य तैयारियां

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली/बीजिंग : भारत और चीन ने सीमा पर शांति बनाये रखने के लिए नये सिरे से बातचीत की है। हालांकि बातचीत के बीच दोनों ही देश सीमा पर अपनी सैन्य तैयारियों और लॉजिस्टिक सपोर्ट को भी तेजी से बढ़ा रहे हैं।

चीन-भारत सीमा क्षेत्र काफी हद तक स्थिर

चीनी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया है कि सीमा पर शांति बनाये रखने के लिए दोनों देशों के राजनयिकों और मिलिट्री अफसरों के बीच संपर्क बना हुआ है। फिलहाल चीन-भारत सीमा क्षेत्र काफी हद तक स्थिर है। दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य माध्यमों जैसे कि कोर कमांडर स्तर की बातचीत के जरिये संपर्क बनाये हुए हैं।

सीमा को लेकर बातचीत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चीनी रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि दोनों पक्षों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पूर्वी सेक्टर में सैन्य कमांडरों के बीच बातचीत का एक नया दौर पूरा किया गया है। इस क्षेत्र में इस तरह की पहली बातचीत सितंबर में हुई थी। यह बैठक 8 नवंबर को शुरू हुई और एक छोटे ब्रेक के बाद करीब 10 दिन तक ये बैठक चली। हालांकि इस बैठक की बारीकियों को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में एक बार फिर से भारत-चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ा है।

सर्दियों से पहले सैन्य तैयारियाें में तेजी

भारत और चीन, दोनों ही देश सर्दियों के आने से पहले LAC पर तेजी से सैन्य तैयारियों को बढ़ा रहे हैं। भारतीय सेना लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक सड़कों और सुरंगों पर काम कर रही है। अरुणाचल में सेला सुरंग और अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे और लद्दाख में निम्मू-पदम-दारचा मार्ग, जोजिला और शिंकुन ला सुरंगों के जरिये बर्फबारी के दौरान भी सेना की आवाजाही और रसद आपूर्ति को सुरक्षित बनाया जा रहा है। सेना ने पिछले हफ्ते ही चीन से सटी अपनी उत्तरी सीमा पर वायुसेना का अभ्यास पूरा किया है।

चीनी सैना की सीमा पर तैयारियां

PLA डेली की रिपोर्ट के अनुसार चीनी पीपुल्स पार्टी यानि PLA की बॉर्डर डिफेंस यूनिट ने अलग-अलग चौकियों के लिए वहां की स्थितियों, ड्यूटी और पुराने मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर जरूरी सामान की लिस्ट तैयार की है। इसके अलावा चीन ने सड़क बुनियादी ढांचे और आधुनिक ‘कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक’ को मजबूत किया है।

SCROLL FOR NEXT