नई दिल्ली - दुनिया भर में पर्यटन और गगनचुंबी इमारतों के लिए मशहूर संयुक्त अरब अमीरात का शहर दुबई एक प्रमुख निवेश केंद्र भी है। हाल ही में जारी दुबई सरकार की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत दुबई में सबसे बड़ा निवेशक देश बन गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में भारत ने दुबई में कुल 3.018 अरब डॉलर का निवेश किया है।
दुबई में सबसे ज्यादा निवेश करने वाला देश है भारत
दुबई की अर्थव्यवस्था और पर्यटन विभाग के दुबई एफडीआई मॉनिटर के अनुसार, भारत दुबई में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में 21.5% की हिस्सेदारी के साथ शीर्ष स्थान पर रहा। इसके बाद अमेरिका 13.7%, फ्रांस 11%, यूनाइटेड किंगडम 10% और स्विट्जरलैंड 6.9% हिस्सेदारी के साथ भारत से नीचे रहे।
निवेश करने के मामले में सभी विकसित देशों से आगे है भारत
यह उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में दुबई में भारत का निवेश 589 मिलियन डॉलर था, जो बढ़कर 2024 में 3.018 अरब डॉलर हो गया, जिससे भारत दुबई में सबसे बड़ा निवेशक देश बन गया। निवेश के मामले में भारत ने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और चीन सहित सभी विकसित देशों को पीछे छोड़ दिया है।
भारत ने किन क्षेत्रों में किया कितना निवेश ?
दुबई में भारतीय एफडीआई परियोजनाओं की संख्या 2023 में 249 से बढ़कर 275 हो गई, जिससे प्रोजेक्ट काउंट रैंकिंग में भारत तीसरे स्थान से उठकर दूसरे स्थान पर आ गया। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का निवेश मुख्य रूप से प्रमुख क्षेत्रों में केंद्रित था, जिसमें व्यवसाय सेवाओं की हिस्सेदारी 26.9% थी। इसके बाद सॉफ्टवेयर और आईटी सेवाएं (23.6%), उपभोक्ता उत्पाद (9.8%), खाद्य और पेय पदार्थ (8.4%) और रियल एस्टेट (6.9%) शामिल रहे। वर्ष 2024 में दुबई ने लगभग 14.24 अरब डॉलर का एफडीआई आकर्षित किया, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 10.69 अरब डॉलर था, जिससे सालाना 33.2% की वृद्धि दर्ज की गई। यह 2020 के बाद से यूएई के लिए किसी एक वर्ष में दर्ज किया गया सबसे अधिक एफडीआई है।