ऋतब्रत बनर्जी 
टॉप न्यूज़

चार्टर्ड फ्लाइट घोटाला : जांच की मांग लेकर दिल्ली जाएंगे ऋतब्रत

केंद्रीय एजेंसियों से करेंगे शिकायत

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि वह अगले सप्ताह दिल्ली जाकर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़े कथित चार्टर्ड फ्लाइट मामले और पार्टी फंड में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह केंद्रीय जांच एजेंसियों और अन्य संबंधित प्राधिकारियों के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे।

ऋतब्रत ने आरोप लगाया कि पार्टी ने पहले विमान और हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए धन खर्च किया, लेकिन बाद में उन्हीं विमानों और हेलिकॉप्टरों को किराये पर लिया जाता रहा। उनके अनुसार, यदि ऐसा हुआ है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कालीघाट खेमे के पार्टी फंड के कथित दुरुपयोग के तार केरल, यूरोप और टैक्स हेवन माने जाने वाले केमैन आइलैंड्स तक जुड़े हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जांच करने का अधिकार उनके पास नहीं है, इसलिए वह पूरे मामले की जानकारी संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें "नटवरलाल" तक कह दिया। ऋतब्रत ने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से होती है तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी फंड के उपयोग और वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता नहीं बरती गई।

इस बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि तृणमूल कांग्रेस का कुछ धन कथित तौर पर टैक्स हेवन केमैन आइलैंड्स भेजा गया। वर्ष 2023 में एक शेल कंपनी के माध्यम से 17 लाख अमेरिकी डॉलर का असुरक्षित ऋण दिखाकर धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने का भी आरोप लगाया गया है।

हालांकि, इन सभी आरोपों की जांच अभी जारी है। अब तक किसी केंद्रीय जांच एजेंसी या अदालत ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और न ही इस मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

SCROLL FOR NEXT