मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर सहित दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में रविवार को मौसम का मिजाज खराब रहने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार ‘पश्चिमी विक्षोभ’ के प्रभाव से राज्य में आंधी, बारिश और तेज हवा का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। शनिवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बंगाल के पुरुलिया, बांकुड़ा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, झाड़ग्राम तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में खराब मौसम का अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया में भी हल्की से मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। कोलकाता में दिनभर आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवा में नमी 40 से 96 प्रतिशत के बीच रहने से उमस का एहसास बना रह सकता है। वहीं उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और सिक्किम में भी वर्षा जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में धीरे-धीरे मौसम में सुधार होगा और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।