कोलकाता: ब्रिटेन के नागरिकों को निशाना बनाकर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोलकाता पुलिस की ऑर्गनाइज्ड साइबर क्राइम सेक्शन (ओसीसीएस) की टीम ने टेंगरा और दक्षिण 24 परगना के रासपुंजा इलाके में छापेमारी कर इस गिरोह से जुड़े लोगों का पता लगाया। ताजा कार्रवाई में एक संदिग्ध को हिरासत में लेने के बाद रासपुंजा स्थित कॉल सेंटर का खुलासा हुआ, जहां नौ लोग मौजूद मिले। पुलिस ने दोनों स्थानों से बड़ी संख्या में डिजिटल उपकरण और नकदी जब्त की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टेंगरा थाना क्षेत्र में अवैध कॉल सेंटर के सिलसिले में छापेमारी की गई थी। इस दौरान गिरीश समतारी नामक एक व्यक्ति को चिह्नित कर पकड़ा गया। जांच में उसके रासपुंजा इलाके में संचालित कॉल सेंटर से जुड़े मनी हैंडलर होने की जानकारी मिली। उससे पूछताछ के आधार पर ओसीसीएस की दूसरी टीम ने दक्षिण 24 परगना के बिष्णुपुर थाना अंतर्गत रासपुंजा में छापेमारी की। वहां एक अवैध कॉल सेंटर का पता चला, जिसमें नौ लोग मौजूद थे। पुलिस ने टेंगरा और रासपुंजा में संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 13 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 8 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, एक राउटर और 15 मल्टीमीडिया हेडफोन जब्त किए। इसके अलावा टेंगरा से 5.20 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। मामले में शामिल लोगों से पूछताछ और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है।
एक सप्ताह में 20 गिरफ्तार, 56 डिजिटल उपकरण जब्त
पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान अवैध कॉल सेंटरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया है। इन कॉल सेंटरों के जरिए मुख्य रूप से ब्रिटेन और अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा था। विभिन्न छापेमारी अभियानों में अब तक कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 56 डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। इनमें कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन के अलावा राउटर, सिम कार्ड तथा अन्य संचार उपकरण शामिल हैं। पुलिस को बड़ी मात्रा में डिजिटल डेटा भी मिला है, जिसमें मुख्य रूप से ब्रिटेन और अमेरिका के वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित जानकारियां मौजूद हैं।
करीब 20 लाख रुपये नकद जब्त
पिछले एक सप्ताह के दौरान की गई विभिन्न कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच एजेंसियां अब कॉल सेंटरों के संचालन, विदेशों में बैठे लोगों से संपर्क, पैसों के लेन-देन और बरामद डिजिटल डेटा की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन लोगों और अन्य अवैध कॉल सेंटरों से जुड़े हुए हैं।