‘गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो 2026’ में हावड़ा स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईआईईएसटी), शिवपुर ने हासिल किया पहला स्थान 
टॉप न्यूज़

राष्ट्रीय स्तर पर चमका आईआईईएसटी शिवपुर

‘गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो 2026’ में हासिल किया पहला स्थान

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईआईईएसटी), शिवपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय ‘गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो 2026’ में संस्थान ने ‘एयरोस्पेस एंड ब्रिजिंग साइंस एंड इंजीनियरिंग’ श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश के विकास, विभिन्न सरकारी योजनाओं, नीतिगत प्रगति और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। इसमें 100 से अधिक संस्थानों ने भाग लिया, जिनमें केंद्रीय मंत्रालय, सरकारी एजेंसियां, सार्वजनिक उपक्रम तथा देश के प्रमुख शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान शामिल थे। इस प्रदर्शनी में इसरो, आईआईटी खड़गपुर, परमाणु ऊर्जा विभाग, आईसीएमआर पुणे, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों ने अपने प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए।

आईआईईएसटी शिवपुर ने टिकाऊ इंजीनियरिंग, डिजिटल नवाचार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अनुसंधान आधारित तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए, जिन्हें निर्णायकों ने सर्वश्रेष्ठ नवाचारों में शामिल किया। संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रोफेसर वी. एम. एस. आर. मूर्ति ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त करना पूरे आईआईईएसटी परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्थान के शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत का परिणाम है।

SCROLL FOR NEXT