आईआईईएसटी शिवपुर की ओर से विज्ञान प्रदर्शनों का किया गया आयोजन 
टॉप न्यूज़

आईआईईएसटी शिवपुर में विज्ञान प्रदर्शनियों का आयोजन

नन्हे वैज्ञानिकों को नवाचार की प्रेरणा, 75 स्कूली छात्रों ने प्रयोगों के जरिए समझे विज्ञान के रोचक सिद्धांत

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : भारतीय इंजीनियरिंग विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईईएसटी), शिवपुर के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी 8.0) की ओर से अगली पीढ़ी के नवप्रवर्तकों को प्रेरित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय इंटरैक्टिव विज्ञान प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में तीन स्कूलों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के कुल 75 छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बी.ई. कॉलेज मॉडल स्कूल, कैथेड्रल मिशन हाई स्कूल, कोलकाता तथा हावड़ा रामकृष्ण आदर्श बालिका विद्यालय के छात्र शामिल हुए। लाइव प्रयोगों, व्यावहारिक प्रदर्शनों और विशेषज्ञों के संवाद के माध्यम से छात्रों को विज्ञान के सिद्धांतों को वास्तविक जीवन से जोड़कर समझाया गया।

प्रकाश, जीवाश्म, ड्रोन और गणित की दुनिया से कराया परिचय

कार्यक्रम में चार विशेष सत्र आयोजित किए गए। प्रो. सैयद मिनहाज हुसैन ने प्रकाश के प्रकीर्णन के जरिए नीले आकाश, लाल सूर्यास्त, बादल और इंद्रधनुष बनने की प्रक्रिया समझाई। प्रो. अनन्या विश्वास ने वास्तविक जीवाश्मों के माध्यम से पृथ्वी के इतिहास और विकासवाद की जानकारी दी। वहीं, डॉ. जॉयदीप भौमिक ने ड्रोन तकनीक और वायुगतिकी के जरिए उड़ान के वैज्ञानिक सिद्धांतों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रो. मुरारी मित्रा ने गणित को केवल गणना नहीं, बल्कि प्रकृति, कला, संगीत और आधुनिक तकनीक से जुड़ी एक तार्किक एवं रचनात्मक दुनिया के रूप में समझाया। आईआईसी 8.0 की ओर से इसी तरह के कार्यक्रम 22 अगस्त को बर्दवान और 27 अगस्त को जमशेदपुर में भी आयोजित किए जाएंगे।

SCROLL FOR NEXT