आईआईईएसटी शिवपुर में कार्यक्रम का किया गया आयोजन  
टॉप न्यूज़

आईआईईएसटी शिवपुर की छात्राओं को चार साल तक छात्रवृत्ति

इंजीनियरिंग की 33 छात्राओं को मिला लाभ

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईईएसटी), शिवपुर ने मेधावी इंजीनियरिंग छात्राओं को आर्थिक सहायता देने के लिए बजाज ऑटो फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत ‘रूपा राहुल बजाज स्कॉलरशिप फॉर वूमेन इन इंजीनियरिंग’ का लाभ छात्राओं को उनकी चार वर्षीय बीटेक पढ़ाई के दौरान मिलेगा। इस छात्रवृत्ति के तहत प्रत्येक छात्रा को सालाना अधिकतम 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि ट्यूशन फीस के अलावा हॉस्टल और मेस के खर्च के लिए भी उपलब्ध होगी।

ट्यूशन के साथ हॉस्टल और मेस खर्च भी उठाएगा फाउंडेशन

पहले चरण में आईआईईएसटी की 33 छात्राओं का चयन किया गया है, जिन्हें कुल मिलाकर करीब 44 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। देश के 40 संस्थानों से चुने गए 500 से अधिक छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ताओं में आईआईईएसटी शिवपुर की 33 छात्राओं का शामिल होना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह योजना इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा मेटलर्जी एंड मैटेरियल्स इंजीनियरिंग की प्रथम वर्ष की छात्राओं के लिए है। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में आईआईईएसटी के निदेशक प्रो. वी.एम.एस.आर. मूर्ति समेत संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी और बजाज ऑटो फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद छात्राओं के साथ करियर और तकनीकी क्षेत्र में सामाजिक योगदान को लेकर संवाद भी आयोजित किया गया।

SCROLL FOR NEXT