आप विधायक मेहराज मलिक पत्रकारों को संबोधित करते हुए, घेरे में मलिक बाइक चलाकर विधानसभा जाते हुए 
टॉप न्यूज़

मुझे कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार होंगे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

पहले छीना एस्कोर्ट्स और अब ड्राइवर

Kamlesh Pandey


‘आप' विधायक मेहराज मलिक बाइक से पहुंचे जम्मू-कश्मीर विधानसभा, वहां से भी बाहर निकाला

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के डोडा से आम आदमी पार्टी (आप) विधायक मेहराज मलिक बुधवार को विधानसभा में बोलने की अनुमति नहीं मिलने के बाद आसन के समीप पहुंच गए जिसके उपरांत उन्हें विधानसभा से मार्शल के माध्यम से बाहर निकलवाया गया। प्रश्नकाल के दौरान मलिक आसन के समीप पहुंचे और आरोप लगाया कि विधानसभा में उन्हें विभिन्न मुद्दों पर बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। जब उन्होंने अपना विरोध जारी रखा, तो विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठेर ने विधायक को सदन से बाहर ले जाने का आदेश दिया।

बाइक से पहुंचे विधानसभा

इससे पहले, कथित तौर पर उनकी सुरक्षा और वाहन चालक वापस लिए जाने के बाद मेहराज मलिक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। मलिक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘मेरी एस्कॉर्ट सुरक्षा वापस लेने के बाद विधानसभा सत्र से पहले मेरा वाहन चालक भी हटा लिया गया और मुझे दिए गए 2 पीएसओ (निजी सुरक्षा अधिकारी) भी बुधवार को श्रीनगर से वापस बुला लिए गए। मैं जम्मू-कश्मीर का एकमात्र विधायक हूं, जिसके पास एस्कॉर्ट, ड्राइवर और पीएसओ नहीं हैं।’

मेरे साथ किसी भी घटना के जिम्मेदार होंगे उपराज्यपाल और डीजीपी

डोडा के ‘आप’ विधायक ने कहा कि अगर उनके साथ कोई घटना होती है तो जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात इसके लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा, ‘मेरी एस्कॉर्ट सुरक्षा वापस लेने के बाद जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक ने कहा था कि जम्मू कश्मीर में कोई खतरा नहीं है और अब उन्होंने मेरे पीएसओ भी वापस ले लिए हैं। उनके अनुसार जम्मू-कश्मीर में हर विधायक को खतरा है, सिर्फ मुझे छोड़कर। इसलिए अगर मेरे साथ कुछ होता है, तो वह और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इसके जिम्मेदार होंगे।’


SCROLL FOR NEXT