वायुसेना को जल्द मिलेगा अपना पहला स्वदेशी C295 परिवहन विमान 
टॉप न्यूज़

वायुसेना को मिलेगा देश में बना पहला C295 ट्रांसपोर्ट एअरक्राफ्ट

भारत के निजी उद्योग द्वारा बनाया जा रहा पहला सैन्य विमान, दिसंबर तक डिलीवरी संभव

Lokendra Bahuguna

नयी दिल्ली : वायुसेना के जखीरे में एक और ‘स्वदेशी’ विमान जुड़ने जा रहा है। इस बात की पूरी संभावना है कि वायुसेना को 31 दिसंबर तक अपना पहला स्वदेशी C295 परिवहन विमान मिल जायेगा। यह भारत के प्राइवेट सेक्टर में बना पहला सैन्य विमान होगा।

विमान का अंतिम उड़ान परीक्षण चल रहा

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि विमान का अंतिम उड़ान परीक्षण चल रहा है। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) और एअरबस का लक्ष्य साल के अंत तक इसकी डिलीवरी देना है। यह विमान वायुसेना के C295 स्क्वाड्रन में शामिल होगा, जिनमें से एक आगरा में और दूसरा वडोदरा में स्थित है।

21935 करोड़ रुपये का 56 विमानों का अनुबंध

रक्षा मंत्रालय ने सितंबर 2021 में एअरबस के साथ 56 विमानों का 21935.00 करोड़ रुपये का अनुबंध किया। TASL और एअरबस मिलकर इस कार्यक्रम को पूरा कर रहे हैं। यूरोपीय विमान निर्माता कंपनी ने स्पेन से भारतीय वायुसेना (IAF) को 16 विमान ‘फ्लाईअवे’ स्थिति में सौंप दिये हैं। बाकी विमानों की असेंबली भारत में की जा रही है। बाकी बचे 40 विमानों में से पहले विमान की डिलीवरी पहले सितंबर के अंत में होनी थी। अक्टूबर में तत्कालीन वायुसेना प्रमुख एअर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बताया कि भारत में बनने वाले पहले विमान में कुछ छोटी-मोटी दिक्कतें आ रही थीं, जिन्हें सुलझाया जा रहा है।

वायुसेना को बाकी 39 विमान 2031 तक मिल जायेंगे

अधिकारियों ने बताया कि C295 के उत्पादन और डिलीवरी का पूरा कार्यक्रम तय समय के अनुसार चल रहा है। बाकी बचे 39 विमान अगस्त 2031 तक सौंप दिये जायेंगे। उम्मीद है कि भारतीय वायुसेना अगले साल अपनी तीसरी C295 स्क्वाड्रन तैयार करना शुरू कर देगी। ये विमान चीन की सीमा पर मिशन की जरूरतों को पूरा करने के लिए वायुसेना की लॉजिस्टिक्स क्षमताओं को मजबूत करेंगे। साथ ही ये 1960 के दशक की शुरुआत में सेवा में शामिल हुए पुराने ‘एवरो’ ट्रांसपोर्ट विमानों की जगह लेंगे।

क्या खास है C-295 ट्रांसपोर्ट एअरक्राफ्ट में?

यह विमान अधिकतम 480 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लगातार 11 घंटे तक उड़ सकता है। इसमें करीब 70–71 सैनिक या लगभग 45–50 पैराट्रूपर्स बैठ सकते हैं। यह 30,000 फुट तक ऊंचाई पर जा सकता है और कम ऊंचाई पर भी प्रभावी ढंग से उड़ सकता है। यह स्थिर पंखों वाले विमानों और हेलिकॉप्टरों को हवा में ही ईंधन भरने की सुविधा से लैस है।

SCROLL FOR NEXT