अभिषेक बनर्जी 
टॉप न्यूज़

वही करूंगा, जिसके लिए जनता ने चुना है : अभिषेक

एफआईआर की राजनीति पर अभिषेक का हमला

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने विभिन्न मामलों में अपने खिलाफ दर्ज की जा रही कई एफआईआर पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद सरकार का बड़ा हिस्सा उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने में व्यतीत हो रहा है, जबकि जनता तक आयुष्मान भारत और लक्ष्मी भंडार जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर जारी अपने विस्तृत बयान में अभिषेक ने कहा कि उनके खिलाफ लगातार दर्ज हो रही एफआईआर राजनीतिक प्रेरणा से की गई शिकायतों के आधार पर दर्ज कराई जा रही हैं। उनका आरोप है कि इन मामलों का उद्देश्य उन्हें जनसेवा और विकास कार्यों से रोकना है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, कोविड जांच, सड़क निर्माण, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा अन्य सार्वजनिक कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी है, लेकिन इन्हीं प्रयासों को विवादों में घसीटने की कोशिश की जा रही है।

अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया का एक वर्ग सत्ता के दबाव या इशारे पर इन मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि तथ्यात्मक रिपोर्टिंग के बजाय चुनिंदा सूचनाओं को प्रमुखता देकर पत्रकारिता की निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों से समझौता किया जा रहा है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में असहमति और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन राजनीतिक विरोधियों को कानूनी मामलों में उलझाकर उनकी सार्वजनिक गतिविधियों को बाधित करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

तृणमूल नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानूनी कार्रवाई या राजनीतिक दबाव से वह भयभीत नहीं होंगे और न ही अपने सार्वजनिक दायित्वों से पीछे हटेंगे। उन्होंने कहा, "जो करना है कर लीजिए, मैं वही करता रहूंगा, जिसके लिए जनता ने मुझे चुना है।" अभिषेक ने दावा किया कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे आगे भी विकास तथा जनकल्याण के एजेंडे पर काम करते रहेंगे।

SCROLL FOR NEXT