नई दिल्ली - चार बार सांसद रहे शशि थरूर और कांग्रेस नेतृत्व के बीच हालात ठीक नहीं दिख रहे हैं। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद शशि थरूर नाराज हैं। दरअसल, थरूर ने राहुल गांधी से पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर सवाल किया था, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
वहीं, केरल कांग्रेस भी शशि थरूर पर निशाना साध रही है। लेकिन अब शशि थरूर ने अपनी बात सीधे तौर पर रखना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी को मेरी आवश्यकता नहीं है, तो मेरे पास अन्य विकल्प मौजूद हैं। शशि थरूर के इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाओं में तेज़ी आ गई है।
अन्य विकल्प भी हैं - शशि थरूर
शशि थरूर ने हाल ही में एक अंग्रेजी अखबार में एक लेख लिखा था, जिसमें उन्होंने केरल की पिनाराई विजयन सरकार की काफी सराहना की थी। इसके अलावा, थरूर ने प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस और अमेरिका यात्रा की भी तारीफ की थी। कांग्रेस इस पहल से नाराज है। शशि थरूर ने कहा कि वह पार्टी के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन अगर पार्टी को उनकी ज़रूरत नहीं है, तो उनके पास अन्य विकल्प हैं।
शशि थरूर ने कहा कि केरल में कांग्रेस को सिर्फ अपने पारंपरिक मतदाताओं तक सीमित रहने की बजाय, अन्य लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से जो समर्थन मिल रहा है, वह इसका एक उदाहरण है। थरूर ने यह भी बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद भी कांग्रेस लगातार विधानसभा चुनावों में हार रही है। अगर पार्टी ने अन्य समुदायों तक अपनी पहुंच नहीं बनाई, तो उसे केरल में तीसरी बार विपक्ष में बैठना पड़ेगा। गौरतलब है कि केरल में 2026 में विधानसभा चुनाव होंगे।
पीएम मोदी की तारीफ को लेकर क्या बोले ?
पीएम मोदी और केरल सरकार की तारीफ करने के बाद उठे विवाद पर शशि थरूर ने स्पष्ट रूप से अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि जब भी केरल और देश की बात होती है, तो वह हमेशा निडर होकर अपने विचार रखते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कभी संकीर्ण राजनीति नहीं की और वह एक नेता की तरह सोचते नहीं हैं। यही कारण है कि वह कभी-कभी विपक्षी दलों और सरकार की अच्छी पहलों की सराहना भी करते हैं।