मीडिया से बात डोनाल्ड ट्रंप। 
टॉप न्यूज़

‘मैं उन्हें मार रहा हूं, मेरे लिए सम्मान की बात’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ऑनलाइन माध्यम से एक बार फिर से कड़े शब्दों में चेतावनी दी है।

Narendra Kumar Singh

दुबईः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ऑनलाइन माध्यम से एक बार फिर धमकी देते हुए लिखा, ‘‘देखिए, इन सनकी लोगों के साथ आज क्या होता है।’’ ट्रंप ने शुक्रवार को अपनी ‘ट्रुथ सोशल’ वेबसाइट पर एक ‘पोस्ट’ साझा करते हुए लिखा, ‘‘ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना अब नहीं रही, मिसाइलें, ड्रोन एवं बाकी हर चीज को नष्ट किया जा रहा है और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, ‘‘वे 47 साल से दुनिया भर में निर्दोष लोगों को मारते रहे हैं और अब अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में मैं उन्हें मार रहा हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा करना मेरे लिए कितने बड़े सम्मान की बात है!’’

इधर ईरान ने स्पष्ट कहा है कि वह अरब के अपने पड़ोसियों पर हमले जारी रखेगा और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने के रणनीतिक लाभ का इस्तेमाल अमेरिका एवं इजराइल के खिलाफ दबाव बनाने के लिए करेगा। ट्यूनीशिया में ईरान के राजदूत मीर मसूद होसैनियन ने बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईरानी नौसैनिक बलों ने जलडमरूमध्य पर ‘‘पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया है’’ और ‘‘हमारी तेल अवसंरचना पर हमलों के जवाब में सटीक हमले किए हैं।’’

वहीं ईरान के नये सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई अभी तक लोगों के सामने नहीं आये हैं, लेकिन उनकी सक्रियता उजागर हुई है। ईरान के अर्द्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड से उनके करीबी संबंध हैं और ऐसा माना जाता है कि उनका रुख अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई से भी अधिक कट्टर है। अभी यह जानकारी नहीं है कि वह कहां हैं। सरकारी टेलीविजन पर शीर्ष नेता खामेनेई (56) का बयान एक समाचार प्रस्तोता ने पढ़ा। खामेनेई कैमरे के सामने नहीं आए और इजराइली आकलन से पता चलता है कि युद्ध की शुरुआती गोलीबारी में वह घायल हो गए थे। उन्होंने युद्ध में मारे गए लोगों का बदला लेने का संकल्प जताया।

SCROLL FOR NEXT