Salman Ali
टॉप न्यूज़

नितिन नवीन मेरे बॉस, मैं एक कार्यकर्ताः मोदी

भारतीय जनता पार्टी के नये अध्यक्ष नितिन नवीन के पदभार ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अतीत, वर्तमान और भविष्य पर प्रकाश डालते हुए भाजपा को लेकर बड़ी बातें कहीं।

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के नये अध्यक्ष नितिन नवीन के पदभार ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अतीत, वर्तमान और भविष्य पर प्रकाश डालते हुए भाजपा को लेकर बड़ी बातें कहीं। साथ उन्होंने नये अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना आशीर्वाद देते हुए यहां तक कहा कि वे उनके बॉस हैं।

नितिन नवीन के अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी के बाद दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में बड़ी संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'जब बात पार्टी के विषयों पर आती है, तब माननीय नितिन नवीन जी, मैं एक कार्यकर्ता हूं और वे (नितिन नवीन जी) मेरे बॉस हैं। अब माननीय नितिन नवीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है, एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी देखना है।'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, 'लोगों को लगता होगा, नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल ये लगातार सरकार के मुखिया रहे हैं। ये सब अपनी जगह है, लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है।'

पार्टी के पूर्व अध्यक्षों के योगदान का जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पुराने दिग्गज नेताओं को याद करते हुए कहा कि अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सफर में वेंकैया नायडू जी और नितिन गडकरी जी सहित हमारे कई वरिष्ठ साथियों ने संगठन को विस्तार दिया। राजनाथ जी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। फिर अमित भाई के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं और लगातार दूसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। फिर जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक और सशक्त हुई और लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। मैं भाजपा के पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

भाजपा पर जनता का भरोसा बढ़ा

प्रधानमंत्री ने देशभर में भाजपा की चुनावी जीत को लेकर कहा कि भाजपा बीते डेढ़-दो वर्षों में भाजपा पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। विधानसभा हो या स्थानीय निकाय, भाजपा की स्ट्राइक रेट अभूतपूर्व रही है। इस दौरान देश में 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, इनमें से 4 चुनाव भाजपा-एनडीए ने जीते हैं। उन्होंने कहा, 'हम वो लोग हैं, हमारा वो चरित्र है, हमारे वो संस्कार हैं… खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश। ये भाजपा के हर कार्यकर्ता का संस्कार है, भाजपा के हर कार्यकर्ता का जीवनमंत्र है।'

अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'जनता की सेवा हमारे लिए हमेशा सर्वोपरि रही है। हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है इसलिए भाजपा पर जनता का विश्वास निरंतर मजबूत होता गया है। अगर बीते 11 वर्षों की ही बात करें तो भाजपा की यात्रा जनविश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा रही है। भाजपा एक संस्कार है। भाजपा एक परिवार है। हमारे यहां 'मेंबरशिप' से भी ज्यादा 'रिलेशनशिप' होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है, जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं।'

विकसित भारत का खाका

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के अपने सपने को लेकर कहा कि यह 21वीं सदी है और देखते ही देखते 21वीं सदी के पहले 25 वर्ष तो पूरे भी हो चुके हैं, आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण है। यह वह कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और होना तय है। इस महत्वपूर्ण कालखंड की शुरुआत में माननीय नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आजकल के युवाओं की भाषा में नितिन जी खुद भी एक प्रकार से 'मिलेनियल' हैं, वे उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन होते देखे हैं।

सरकार की सफलताओं का जिक्र

उन्होंने अपनी सरकार की सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा, 'इसी भाव के साथ बीते 11 वर्षों में हमने अनेक चुनौतियों पर विजय पाई है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की दीवार गिराना हो या तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाना हो, इनको कभी असंभव माना जाता था, आज ये हकीकत बन चुके हैं। बीते वर्षों में जनविश्वास की जो पूंजी हमने अर्जित की है, उस भरोसे को कायम रखना बहुत बड़ी जरूरत है। देश की जनता 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए संकल्पित है। इसलिए बीते 11 वर्षों में हमने जो रिफॉर्म की यात्रा शुरू की है, वह रिफॉर्म एक्सप्रेस बन चुकी है। '

महाराष्ट्र और केरल निकाय चुनाव का जिक्र

महाराष्ट्र और केरल के निकाय चुनावों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भाजपा सिर्फ संसद और विधानसभा की ही नहीं, बल्कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी पहली पसंद है। इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र है। भाजपा, महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में नंबर वन पार्टी बनी है। कुल 29 में से 25 बड़े शहरों की जनता ने भाजपा-एनडीए को चुना है। बीते वर्षों में जनविश्वास की जो पूंजी हमने अर्जित की है, उस भरोसे को कायम रखना बहुत बड़ी जरूरत है। देश की जनता 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए संकल्पित है। इसलिए बीते 11 वर्षों में हमने जो रिफॉर्म की यात्रा शुरू की है, वह रिफॉर्म एक्सप्रेस बन चुकी है। कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी।

पीएम ने कहा कि आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है। देश ने आजादी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर। लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है।

SCROLL FOR NEXT