टॉप न्यूज़

पति ने पत्नी की हत्या की, बाली जूट मिल इलाके में सनसनी

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : बाली जूट मिल श्रमिक मोहल्ले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान साकिला खातून के रूप में हुई है। आरोपी पति मोहम्मद जावेद (37) जूट मिल में काम करता है और श्रमिक मोहल्ले के 202 नंबर क्वार्टर में पत्नी और अपने तीन नाबालिग बेटों के साथ रहता था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। शनिवार रात करीब 11 बजे जावेद के काम से घर लौटने के बाद फिर से दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में जावेद ने पत्नी को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह दीवार से टकरा गई। टक्कर लगने से साकिला के सिर में गंभीर चोट आई। सिर के पीछे खोपड़ी फट गई और ज्यादा खून बहने के कारण वह बेहोश होकर बिस्तर पर गिर पड़ी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर के बाहर मौजूद तीनों नाबालिग बच्चे जब अंदर आए तो मां को इस हालत में देखकर जोर-जोर से रोने लगे। स्थिति बिगड़ती देख जावेद बच्चों को लेकर खुद ही थाने पहुंच गया और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा और आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


SCROLL FOR NEXT