फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

अपराध के खिलाफ पानीहाटी और बरानगर में सुरक्षा कवच, लगेंगे सैकड़ों CCTV कैमरे

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : पानीहाटी और बरानगर पालिका क्षेत्र में बढ़ते अपराध, चोरी और नशेबाजों के आतंक पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। पानीहाटी और बरानगर नगर पालिका क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए बड़े पैमाने पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में पानीहाटी में कैमरों को लगाने की शुरूआत कर दी गयी। पानीहाटी नगर पालिका क्षेत्र में पिछले काफी समय से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे। विशेषकर गंगा तटीय इलाकों और बीटी रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों और नशेबाजों का जमावड़ा लग जाता था। नगर पालिका के पुराने कैमरे रखरखाव के अभाव और 2020 के चक्रवात के बाद से खराब पड़े थे, जिससे पुलिस को जांच में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब पानीहाटी नगर पालिका ने अपने स्वयं के फंड से 31 लाख 67 हजार 366 रुपये आवंटित किए हैं। इसके तहत शहर के महत्वपूर्ण मोड़ों जैसे बंगाल केमिकल, तेतुलतला, पीवी घाट रोड और बारासात रोड के रेलवे फ्लाईओवर समेत प्रमुख स्थानों पर 100 से अधिक नए कैमरे लगाए जाएंगे। चेयरमैन सोमनाथ दे ने बताया कि खड़दह और घोला थाना के साथ समन्वय कर यह काम इसी महीने शुरू होगा और 5 साल तक इनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।

बरानगर में विधायक और पुलिस की पहल पर 'सुरक्षा घेरा'

दूसरी ओर बरानगर में अपराध नियंत्रण और त्वरित जांच के लिए 83 नए सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया गया। बरानगर की विधायक सायंतिका बनर्जी और एसीपी सिद्धार्थ सिंह दानजी ने रिबन काटकर इस परियोजना की शुरुआत की। विधायक सायंतिका बनर्जी ने कहा कि बरानगर को अपराध मुक्त बनाने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में दोषियों को तुरंत पकड़ने के लिए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। ये सभी कैमरे सीधे बरानगर थाने के नियंत्रण में होंगे, जिससे यातायात दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जा सकेगी।

SCROLL FOR NEXT