सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

जलजमाव ने बढ़ाई हावड़ा के पूजा आयोजकों की चिंता

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गा पूजा में अब कुछ ही दिन बाकी है और पंडाल निर्माण का काम जोरों पर होना चाहिए था, लेकिन लगातार हो रही बारिश और जलजमाव ने तैयारियों पर ब्रेक लगा दिया है। उत्तर हावड़ा के बामनगाछी, बेलगाछिया सी रोड और बाजलपाड़ा जैसे निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है। कई पूजा स्थलों पर पानी भर जाने और सामान ले जाने वाले रास्ते बंद होने से पंडाल का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।

समय पर पंडाल तैयार न होने का डर और बढ़ता खर्च

बाजलपाड़ा सार्वजनीन पूजा समिति के सदस्य अभिजीत मंडल और एक अन्य आयोजक अजय दे ने बताया कि बारिश के कारण काम शुरू न हो पाने से आयोजकों की नींद उड़ गई है। अगर समय रहते पानी नहीं उतरा, तो तय समय सीमा में भव्य पंडाल तैयार करना बेहद मुश्किल होगा। आखिरी वक्त में जल्दबाजी में काम कराने से आयोजकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ और दबाव बढ़ना तय है। इसके अलावा, पंडाल निर्माण में देरी होने से लाइटिंग और मूर्तियों को लाने जैसे आगे के काम भी प्रभावित हो सकते हैं।

जलजमाव से स्थानीय निवासी पस्त, सड़क पर पकड़ी जा रही मछलियां

जलजमाव से केवल पूजा समितियां ही परेशान नहीं हैं, बल्कि आम लोगों का दैनिक जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। बाजार जाने और रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बेलगाछिया सी रोड पर हालात इतने खराब हैं कि वहां जमे पानी में कुछ युवकों को मछलियां पकड़ते हुए देखा गया। आयोजकों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत पंप लगाकर सड़कों और पूजा स्थलों से पानी निकालने की व्यवस्था करनी चाहिए।

SCROLL FOR NEXT