लापता किशोर का फ़ाइल फ़ोटो Howrah Tragedy: 15-Year-Old Boy Falls Into 120-Foot Deep Pit in Belgharia, Massive Rescue Operation Underway
टॉप न्यूज़

हावड़ा में 120 फीट गड्ढे में गिरा किशोर, तलाश जारी

दोस्तों के साथ घर लौटते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा,शिवपुर के विधायक ने कहा- मुख्यमंत्री को दी गयी है जानकारी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : लिलुआ थाना क्षेत्र के बेलगछिया भांगड़ इलाके में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि यहां 15 साल का एक किशोर अचानक एक 120 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर लापता हो गया। लापता किशोर की पहचान अभिषेक राव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक इलाके में अपने दोस्तों के साथ घूम रहा था। इसके बाद शाम को जब वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, तभी बेलगछिया भांगड़ इलाके में अचानक उसका पैर फिसल गया। पैर फिसलते ही वह सीधे सड़क पर बने गड्ढे में समा गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।

पुराने धंसान वाले क्षेत्र में युद्धस्तर पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, साल 2025 में इस इलाके में पानी की एक मुख्य पाइपलाइन फट गई थी, जिसके कारण वहां भीषण धंसान की घटना हुई थी। इस वजह से वहां की स्थिति पहले से ही काफी जर्जर और संवेदनशील बनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस गहरे गड्ढे के ठीक नीचे एक बड़ा और तेज बहाव वाला नाला बह रहा है और अभिषेक ऊपर से गिरने के बाद सीधे उसी नाले के मलबे और पानी में बह गया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही लिलुआ थाना पुलिस, डीसी नॉर्थ और जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन (डिजास्टर मैनेजमेंट) की टीम को भी फौरन बुलाया गया। घटनास्थल पर मौजूद शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष ने बताया कि प्रशासन पूरी ताकत से बचाव कार्य में जुटा है। नाले के पानी को खींचने के लिए कई शक्तिशाली पंप लगाए गए हैं। 10 अनुभवी गोताखोरों की एक विशेष टीम अंधेरे और मलबे के बीच गहरे नाले के अंदर उतरकर किशोर की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पूरा प्रशासन और स्थानीय लोग इस उम्मीद में हैं कि अभिषेक को जल्द ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। बचाव कार्य को बेहतर और तेज गति से संचालित करने के लिए विधायक ने घटनास्थल पर खड़े होकर ही हावड़ा के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) पी. दीपाप्रिया को फोन किया। इसके साथ ही रुद्रनील घोष ने इस पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी दे दी है। विधायक रुद्रनील घोष ने कहा, "साल 2025 में बेलगाछिया भांगड़ में हुए धंसाव के बाद से ही हावड़ा नगर निगम का यह पंपिंग स्टेशन लावारिस और परित्यक्त स्थिति में पड़ा हुआ है। इसी वजह से आज यहां इतनी दर्दनाक दुर्घटना घट गई। नई सरकार की योजना बेलगाछिया भांगड़ इलाके को बेहद सुंदर और व्यवस्थित तरीके से विकसित करने की है। इसके तहत एक तरफ जहां इस पंपिंग स्टेशन का जीर्णोद्धार (सुधार) किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम और घेराबंदी की जाएगी।" जिला प्रशासन के सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि इस दुखद हादसे के शिकार हुए अभिषेक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT