निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : द्वितीय हुगली पुल (विद्यासागर सेतु) पर मरम्मत और पुनर्वास कार्य के चलते 5 जुलाई 2026 (रविवार) को सुबह 5:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक कोना एक्सप्रेसवे (एनएच-117) से विद्यासागर सेतु की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय जनसुरक्षा और पुल पर केबल तथा बेयरिंग बदलने के कार्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, हावड़ा से कोलकाता जाने वाले अधिकांश वाहनों को वैकल्पिक मार्गों जैसे रवींद्र सेतु (हावड़ा ब्रिज), निवेदिता सेतु और विवेकानंद सेतु से होकर गुजरना होगा।
5 जुलाई को विद्यासागर सेतु पर यातायात रहेगा प्रतिबंधित
कई स्थानों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर विशेष रोक लगाई गई है, जबकि कुछ मार्गों से छोटे वाहनों को सीमित अनुमति दी जाएगी। वाहनों के सुचारु संचालन के लिए बेताइतला, काजीपाड़ा, निबरा, सलप मोड़, हैंगसांग क्रॉसिंग, चटर्जीपाड़ा, मंदिरतला, फांसीतला और मैतीपाड़ा सहित कई स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। सांतरागाछी रेलवे स्टेशन जाने वाले छोटे वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। आवश्यकता पड़ने पर यातायात की स्थिति के अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं।