निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के जगतबल्लभपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना और 100 दिन के काम (मनरेगा) में कथित भ्रष्टाचार एवं ‘कटमनी’ वसूली के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शंकरहाटी-2 ग्राम पंचायत के सदस्य बसु सांतरा और उनके भाई शैलेन सांतरा के खिलाफ लाभार्थियों से पैसे लेने तथा मजदूरों की बकाया राशि रोकने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कई लोगों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक वसूले गए। साथ ही मनरेगा के तहत जॉब कार्डधारकों को काम और मजदूरी का भुगतान कराने के लिए भी कथित रूप से पैसे मांगे गए।
आवास योजना में ‘कटमनी’ के आरोप पर बवाल
लंबे समय से शिकायतों का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। गुस्साए लोगों ने पंचायत सदस्य के भाई शैलेन सांतरा को पकड़कर एक बिजली के खंभे से बांध दिया। विरोध के दौरान उनके गले में जूतों की माला पहनाई गई और उन पर अंडे फेंके गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी बसु सांतरा के घर पहुंचे, लेकिन वहां उनके नहीं मिलने पर घर के बाहर जमकर नारेबाजी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही जगतबल्लभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस शैलेन सांतरा को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।